गौतमबुद्ध नगर में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन का अभियान जारी है। नोएडा प्राधिकरण की वर्क सर्किल-6 की टीम बुधवार को भू-विभाग और पुलिस बल के साथ सेक्टर-78 पहुंची, जहां ग्रीन बेल्ट की जमीन पर अवैध टीन शेड, दुकानें और अन्य अस्थायी संरचनाएं बनाई गई थीं। टीम ने इन्हें हटाने के लिए ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया।

कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध किया। नोएडा प्राधिकरण के अनुसार, विरोध करने वालों ने सरकारी कार्य में रुकावट डालते हुए जेसीबी मशीन पर हमला कर दिया, जिससे मशीन क्षतिग्रस्त हो गई। माहौल बिगड़ने पर मौके पर तैनात पुलिस ने दखल दिया और उपद्रव करने वालों को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया।

प्राधिकरण सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है।

अधिकारियों ने कहा कि ग्रीन बेल्ट और सार्वजनिक उपयोग की जमीन पर अवैध कब्जे को किसी भी सूरत में अनुमति नहीं दी जाएगी और ऐसी जमीनों को अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए निरंतर अभियान चलाया जाएगा। कार्रवाई में बाधा डालने या सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।