नोएडा के सेक्टर-15 ए स्थित एक क्लब में 20 नवंबर को आयोजित कला कार्यक्रम में हिंदू देवी-देवताओं का कथित रूप से अपमान करने के आरोप में फेज-वन थाने में शिकायत दर्ज की गई है। हरौला के रहने वाले शिकायतकर्ता आशुतोष चौधरी ने आयोजकों और अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस शिकायती पत्र के आधार पर आरोपों की जांच कर रही है।
शिकायत के मुताबिक, सिल्वर ओक हाल में द स्टडी सर्किल ने यह कला कार्यक्रम आयोजित किया था। आरोप है कि कार्यक्रम से जुड़ी कला प्रदर्शनी के जरिए हिंदू देवी-देवताओं को आपत्तिजनक स्थिति में दर्शाया गया, जिससे हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। शिकायत में कहा गया है कि कला, अभिव्यक्ति और वैचारिक स्वतंत्रता का सम्मान अपनी जगह है, लेकिन धार्मिक आस्था से जुड़े देवी-देवताओं को जानबूझकर आपत्तिजनक चित्रों के साथ जोड़कर प्रस्तुत करना गंभीर अपराध है। यह केवल किसी कला-कृति की पसंद या नापसंद का मामला नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था से जुड़े स्वरूपों को सार्वजनिक रूप से आपत्तिजनक ढंग से प्रस्तुत करने की गंभीर घटना है।
शिकायतकर्ता ने मांग की है कि अतिथि वक्ता की भूमिका और कार्यक्रम में कही गई बातों की जांच की जाए। साथ ही आयोजक व प्रबंधकों की भूमिका की जांच, प्रबंधन से कार्यक्रम की अनुमति, बुकिंग, रिकार्डिंग और उपलब्ध सीसीटीवी रिकॉर्ड सुरक्षित कराने की मांग की गई है। शिकायत में आयोजन की वीडियो रिकॉर्डिंग, मूल-डिजिटल फाइल, ऑडियो, फोटो और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य कब्जे में लेने, प्रसारित वीडियो की डिजिटल फॉरेंसिक जांच कर उसकी प्रामाणिकता और मूल स्रोत की पुष्टि करने तथा लोगों के बयान समेत अन्य तथ्यों के आधार पर जांच की मांग की गई है।
इस बीच, आरडब्ल्यूए एवं क्लब के अध्यक्ष देवदत्त ने कहा है कि कार्यक्रम में हिंदू देवी-देवताओं का अपमान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि पुलिस को दी गई शिकायत के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है और वह एक शादी समारोह में हैं, इसलिए इस बारे में अभी कुछ नहीं बता पाएंगे। वहीं, फेज-वन थाना प्रभारी का कहना है कि मामले में शिकायती पत्र मिला है और उसकी जांच की जा रही है।
