हिमाचल प्रदेश में नए जिलों के गठन पर बयानबाजी के बीच पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता राकेश पठानिया ने नूरपुर को जिला बनाने की वर्षों पुरानी मांग का समर्थन किया है। बुधवार को नूरपुर में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू नूरपुर को जिला बनाने का फैसला लेते हैं तो वह इसका स्वागत करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता लंबे समय से यह मांग कर रही है और अब सरकार को चर्चा के बजाय ठोस निर्णय लेना चाहिए।
विधायक आरएस बाली के बयान पर पलटवार करते हुए पठानिया ने कहा कि किसी क्षेत्र को जिला बनाने के लिए किसी विधायक से एनओसी लेने की जरूरत नहीं होती। यह सरकार और मुख्यमंत्री के अधिकार क्षेत्र का विषय है। उन्होंने सवाल किया कि जब मुख्यमंत्री जिलों के गठन पर कदम उठाने की बात कह रहे हैं तो उनकी ही पार्टी के नेता के सवाल उठाने का क्या औचित्य है। बाली पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि उनके अभी राजनीतिक दूध के दांत भी नहीं टूटे हैं।
पठानिया ने कहा कि नूरपुर को जिला बनाने की मांग नई नहीं, बल्कि वर्षों पुरानी है। प्रेम कुमार धूमल के मुख्यमंत्री रहने के दौरान नूरपुर को राजस्व जिला और परिवहन जिला का दर्जा मिला था और यहां एडीसी कार्यालय खोलकर जिले की मजबूत नींव रखी गई थी, लेकिन कांग्रेस के सत्ता में आते ही इसे बंद कर दिया गया। जयराम ठाकुर सरकार के कार्यकाल में नूरपुर को पुलिस जिला बनाया गया और यहां अतिरिक्त जिला सत्र न्यायालय खोला गया।
उन्होंने कहा कि नूरपुर में पुलिस जिला पहले से स्थापित है और कई महत्वपूर्ण जिलास्तरीय कार्यालय भी काम कर रहे हैं। ऐसे में इसे पूर्ण राजस्व जिला बनाने की दिशा में सरकार को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए। उन्होंने प्रदेश सरकार से जनता की भावनाओं, भौगोलिक स्थिति और प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जिला गठन पर जल्द निर्णय लेने का आग्रह किया।
