ओडिशा के पुरी की रहने वाली सुप्रीति महापात्रा ने ऑटोमोबाइल ट्रेड में आईटीआई कोर्स में 1200 में से 1194 अंक हासिल करके पूरे देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। उन्हें 22 नवंबर को उत्तर प्रदेश में होने वाले एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सम्मानित करेंगे। सुप्रीति के पिता ऑटो चालक हैं और उनकी इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है।

सुप्रीति ने ओडिशा के गवर्नमेंट इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट से ऑटोमोबाइल कोर्स में दो साल का आईटीआई कोर्स किया है। बता दें कि आईटीआई करने से पहले उन्होंने संस्कृत आचार्य विषय में स्नातकोत्तर किया था, जिसमें वह गोल्ड मेडलिस्ट रह चुकी हैं। इस उपलब्धि के लिए उन्हें राष्ट्रपति से भी अवॉर्ड मिला था।

सुप्रीति साधारण परिवार से ताल्लुक रखती हैं। स्नातकोत्तर पूरा करने के बाद कोरोना महामारी के दौरान परिवार की आर्थिक स्थिति और खराब हो गई, जिसके चलते उन्हें एक साल तक अपनी पढ़ाई छोड़नी पड़ी। इस दौरान उनके भाई ने वेल्डर ट्रेड में एक साल का सर्टिफिकेट कोर्स किया और उन्हें तुरंत नौकरी मिल गई। भाई की सफलता और शिक्षकों के मार्गदर्शन से प्रेरित होकर उन्होंने आईटीआई करने का फैसला लिया।

आईटीआई में टॉप करने के बाद सुप्रीति असिस्टेंट ट्रेनिंग ऑफिसर बनकर आईटीआई छात्रों को प्रशिक्षण देना चाहती हैं। मीडिया में दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि टेक्निकल क्षेत्र केवल लड़कों के लिए है, यह एक पुरानी धारणा है। आजकल टेक्निकल क्षेत्र में एडवांस टेक्नोलॉजी का प्रयोग हो रहा है और इसमें लड़कियों के लिए भी बेहतर अवसर मौजूद हैं।