ओडिशा में सरकारी स्कूलों के मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इंटरनेट मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एक स्कूल में बच्चों को परोसे जा रहे भोजन का दृश्य दिखाया गया है। नालंदा इंडेक्स नामक एक्स अकाउंट से 17 नवंबर को साझा किए गए इस वीडियो के साथ कहा गया है कि बच्चों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता और पोषण पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए, क्योंकि प्रत्येक बच्चे को स्वच्छ, पौष्टिक और स्वास्थ्यवर्धक भोजन पाने का अधिकार है।

हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि यह वीडियो किस जिले के किस स्कूल का है और इसे कब रिकॉर्ड किया गया था। इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो सामने आने के बाद मध्याह्न भोजन योजना के क्रियान्वयन और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

गौरतलब है कि ओडिशा के 2026-27 के बजट में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (पीएम-पोषण) योजना के लिए करीब 1,278 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है। इस योजना का उद्देश्य सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों के बच्चों को पौष्टिक पका हुआ भोजन उपलब्ध कराना है। ऐसे में सवाल उठता है कि इतनी बड़ी राशि खर्च होने के बावजूद बच्चों की थाली तक निर्धारित गुणवत्ता का भोजन पहुंच रहा है या नहीं।

भोजन की नियमित जांच, स्वच्छता, निर्धारित मेन्यू और पोषण मानकों का पालन सुनिश्चित करना जरूरी है। बच्चों के स्वास्थ्य और भविष्य से जुड़ी इस योजना में बजट आवंटन के साथ जमीनी स्तर पर जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।