केरल बीजेपी को दो दिन के भीतर दूसरा झटका लगा है। पद्मजा वेणुगोपाल के बाद अब अर्जुन पुरस्कार विजेता और एथलीट से राजनेता बनीं पद्मिनी थॉमस ने भी पार्टी छोड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने पार्टी पर नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है। पद्मिनी 2024 में ही बीजेपी में शामिल हुई थीं और पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चे में उपाध्यक्ष थीं।

पद्मिनी ने कहा कि वह राजनीति में आकर खेलों के लिए कुछ करना चाहती थीं, लेकिन उन्हें खेल के क्षेत्र में काम करने का मौका नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग उन्हें बीजेपी में लाए थे, उन्होंने भी इस विषय पर बात आगे नहीं बढ़ाई और उठाए गए मुद्दों पर ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि इस तरह राजनीति करने का कोई मतलब नहीं है।

पद्मिनी ने बताया कि उनके परिवार का संबंध कांग्रेस से रहा है और वह कांग्रेस में वापस जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका फैसला पद्मजा के फैसले से जुड़ा नहीं है और पिछले एक साल से उनका मन पार्टी से अलग हो गया था। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही अपना इस्तीफा सौंप देंगी और कांग्रेस में जाने के लिए उन्होंने कोई शर्त नहीं रखी है।

बता दें कि पद्मिनी 2011 से 2016 तक राज्य खेल परिषद की सदस्य रह चुकी हैं और 2020 में रेलवे से रिटायर हुई थीं। उन्होंने 1982 के एशियाई खेलों में 400 मीटर रिले में रजत पदक और 400 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता था। इससे पहले पद्मजा वेणुगोपाल ने कहा था कि बीजेपी में आकर उन्होंने गलती की और अब इस गलती को सुधारने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूडीएफ सरकार है और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सनी जोसेफ ने पद्मजा का पार्टी में स्वागत करना शुरू कर दिया है, जबकि पार्टी के एक धड़े ने इस पर नाराजगी जताई है।