मेदिनीनगर के बिसफुट्टा पुल के पास शुक्रवार देर रात करीब साढ़े ग्यारह बजे तिलक समारोह से लौट रही बाराती कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना शहर थाना क्षेत्र की है।

मृतक की पहचान विश्रामपुर थाना क्षेत्र के बघमनवा गांव निवासी सरजू पाल के 35 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र पाल के रूप में हुई है। स्वजनों के अनुसार, कार सवार सभी छह लोग शुक्रवार रात नावाबाजार थाना क्षेत्र के रबदा गांव से सतबरवा थाना क्षेत्र के पोलपोल गांव में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गए थे और लौटते समय यह हादसा हुआ।

दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर स्वजन घटनास्थल पर पहुंचे और सभी घायलों को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने धर्मेंद्र पाल को मृत घोषित कर दिया। पांच अन्य घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।