हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो पलवल की टीम ने मितरोल गांव के नजदीक कार्रवाई करते हुए एक वैगनार कार से 49 पेटी अवैध शराब बरामद की है। मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध हरियाणा आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
ब्यूरो के थाना प्रभारी नवीन मोर ने बताया कि सोमवार रात एएसआई विनय दहिया अपनी टीम के साथ मितरोल गांव के पास गश्त और अपराध रोकथाम के लिए तैनात थे। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना मिली कि खटैला गांव निवासी विनोद और आदित्य मिलकर अवैध शराब का धंधा करते हैं और सफेद रंग की वैगनार कार में अवैध शराब लेकर आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत नाका लगाकर वाहनों की जांच शुरू की। कुछ ही देर में पलवल की ओर से आती हुई वैगनार कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें कार से कुल 49 पेटी शराब बरामद हुई। पूछताछ में दोनों आरोपित शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध परमिट या लाइसेंस पेश नहीं कर सके।
इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर कार व शराब को कब्जे में ले लिया गया और उनके विरुद्ध हरियाणा आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
