पंचायती राज विभाग के खातों से करोड़ों रुपये के साइबर फ्रॉड मामले में शातिर ठगों ने कुरुक्षेत्र के एक बैंक खाते में 1.98 करोड़ रुपये भेजे। पिपली रोड स्थित आरबीएल बैंक के इस खाते में अप्रैल से अब तक करीब 2.90 करोड़ रुपये की जमा-निकासी हुई है। पुलिस एसआइटी ने मामले में दो आरोपितों अभिषेक और संजय को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपितों ने यह खाता अप्रैल माह में खुलवाया था। शुरुआती महीनों में इसमें कम लेन-देन हुआ, लेकिन पिछले करीब चार माह से जमा-निकासी में तेजी आई। 10 और 11 नवंबर को इस खाते में सबसे अधिक ट्रांजैक्शन दर्ज हुआ। फ्रॉड का खुलासा होने के बाद यह खाता माइनस में चल रहा है, क्योंकि आरोपित पहले ही पूरी रकम निकाल चुके थे। 20 नवंबर को भी इस खाते में अंतिम बार 20 रुपये आए।
जांच के अनुसार, ठगों ने रकम मुख्य रूप से 2 हजार, 4 हजार और 5 हजार रुपये जैसी छोटी किस्तों में भेजी और इसी तरह छोटी राशि में अन्य खातों में ट्रांसफर की। इस खाते में निजामुद्दीन, गगन कुमार और रिजवान जैसे नामों से रकम जमा और निकाली गई। अंदेशा जताया जा रहा है कि बड़ी रकम की आवाजाही से बचने के लिए ठगों ने यह तरीका अपनाया, ताकि वे बैंक अधिकारियों या किसी अन्य एजेंसी की पकड़ में न आ जाएं।
पंचायत विभाग के खातों में साइबर धोखाधड़ी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस एसआइटी ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया था। इन्हीं से पूछताछ में आरबीएल बैंक के खाते की जानकारी मिली। आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस इस करोड़ों रुपये के फ्रॉड से जुड़े तथ्य जुटा रही है।
