पटना में स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई ने बरिस्ता और स्टारबक्स सहित कई खाद्य प्रतिष्ठानों पर विशेष जांच अभियान चलाया। निरीक्षण में खाद्य पदार्थों पर निर्माण और उपयोग की अंतिम तिथि स्पष्ट रूप से अंकित न मिलने तथा भंडारण में निर्धारित मानकों की अनदेखी जैसी खामियां सामने आईं।
टीम ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों से कुल 15,525 रुपये मूल्य की अनुपयुक्त और एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री मौके पर नष्ट कराई। इनमें मिंट मोजिटो, सैंडविच, मफिन, पेस्ट्री, वेज और नॉनवेज पफ, कोकोनट लिक्विड, हॉट चॉकलेट पाउडर, गार्लिक ब्रेड और पिस्ता सिरप जैसे उत्पाद शामिल बताए गए। यह कार्रवाई उपभोक्ताओं को असुरक्षित खाद्य पदार्थों के सेवन से बचाने के उद्देश्य से की गई।
खाद्य संरक्षा टीम ने बरिस्ता के विभिन्न आउटलेट्स से कॉफी, कॉफी बीन्स, चॉकलेट और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए, जबकि स्टारबक्स के एक प्रतिष्ठान से भी कॉफी का नमूना लिया गया। सभी नमूने जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में भंडारण के दौरान एफआईएफओ और एफईएफओ प्रणाली का पालन न होने के साथ-साथ साफ-सफाई, कर्मचारियों द्वारा निर्धारित सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल और पानी की गुणवत्ता से जुड़े दस्तावेजों में भी कमियां पाई गईं। संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी कर अंतिम तिथि अंकित करने, सुरक्षित भंडारण और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। खाद्य संरक्षा इकाई ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा और नियमित निरीक्षण तथा नमूना संग्रहण जारी रहेगा।
