सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पटना सिटी में गंगा किनारे अतिक्रमण हटाने का अभियान सोमवार सुबह शुरू हो गया। प्रशासन नुरपुर घाट से नौजर घाट के बीच अवैध निर्माणों को जेसीबी से ध्वस्त कर रहा है। पुलिस बल की मौजूदगी में चल रही इस कार्रवाई के दौरान एक ईंट भट्ठे की चिमनी भी गिराई गई। कार्रवाई शुरू होते ही गंगा किनारे अवैध कब्जा कर निर्माण कराने वालों में हड़कंप मच गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के आलोक में चिह्नित अवैध संरचनाओं को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। गंगा के इको-सेंसिटिव बाढ़ क्षेत्र में अवैध निर्माण और कब्जे का मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था। सितंबर के अंतिम सप्ताह में सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति जेबी पारडीवाला और न्यायमूर्ति केवी विश्वनाथन की पीठ ने बिहार सरकार को अतिक्रमण हटाने के लिए आठ सप्ताह का समय दिया था।
अदालत ने अपने आदेश में स्पष्ट किया था कि निर्धारित अवधि में नुरपुर घाट से नौजर घाट के बीच अवैध ढांचों को नहीं हटाया गया तो बिहार के मुख्य सचिव और संबंधित अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित होना पड़ेगा। इस सख्त निर्देश के बाद प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है।
अभियान शुरू होने से पहले रविवार को एसडीओ कशिश बक्शी ने डीएसपी, अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानाध्यक्षों और संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी। इसमें अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को सख्ती से संचालित करने का निर्देश दिया गया था। अभियान के दौरान किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है। आने वाले दिनों में अभियान के तहत अन्य चिह्नित अवैध संरचनाओं पर भी कार्रवाई की जाएगी।
