पटना में 23 से 31 जनवरी 2027 तक पटना शॉपिंग फेस्टिवल आयोजित करने की तैयारी है। नगर निगम की योजना के अनुसार यह आयोजन बापू सभागार और जेपी गंगा पथ पर होगा, जिसमें खरीदारी के साथ बिहार की कला, संस्कृति और स्थानीय स्वाद का संगम देखने को मिलेगा।
फेस्टिवल में बिहार के हस्तशिल्प, हथकरघा, जीआई उत्पाद और स्थानीय उद्यमियों के सामानों के स्टाल लगाए जाएंगे। स्वयं सहायता समूहों को भी अपने उत्पादों की बिक्री और प्रदर्शन का मौका मिलेगा। खान-पान के स्टाल पर बिहार के पारंपरिक व्यंजनों के साथ अलग-अलग क्षेत्रों के स्थानीय स्वाद का आनंद लिया जा सकेगा। खुदरा दुकानों और बड़े ब्रांडों की ओर से विशेष छूट और ऑफर भी दिए जाएंगे।
आयोजन केवल खरीदारी तक सीमित नहीं रहेगा। लोगों के मनोरंजन के लिए संगीत, नृत्य, नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बच्चों और परिवारों के लिए कार्यशालाएं और दूसरी गतिविधियां भी होंगी तथा प्रतियोगिताएं आयोजित करने की भी तैयारी है।
सामान्य बाजार और खरीदारी वाले क्षेत्रों में आम लोगों का प्रवेश नि:शुल्क और खुला रखने की योजना है। टिकट की व्यवस्था केवल किसी विशेष प्रीमियम गतिविधि के लिए नगर निगम की मंजूरी मिलने पर होगी। नगर निगम आयोजन की रूपरेखा तैयार करने और संचालन के लिए इवेंट मैनेजमेंट एजेंसी का चयन करेगा। इससे स्थानीय कारीगरों, दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को अपने उत्पादों के लिए बड़ा बाजार मिलने की उम्मीद है।
