नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नेपाल के बिना हमारे धाम और राम दोनों अधूरे हैं। पीएम मोदी ने नेपाल के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास पैकेज का ऐलान किया और नेपाल में आईआईटी स्थापित करने की घोषणा की।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता केवल पड़ोस का नहीं, बल्कि अपने पर अटूट विश्वास का रिश्ता है। उन्होंने कहा कि भगवान राम और माता सीता दोनों देशों की साझा सभ्यता और आस्था की पहचान हैं। उन्होंने याद दिलाया कि 2018 में जनकपुर में उन्होंने कहा था कि नेपाल के बिना हमारे धाम और राम अधूरे हैं। पीएम मोदी ने नेपाल में बाढ़ से हुई जनहानि पर संवेदना व्यक्त की और कहा कि प्रभावित परिवारों का जीवन पटरी पर लाने के लिए यह पैकेज दिया गया है।
पीएम मोदी ने बताया कि सरयू कमला एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू की गई है और लुंबिनी तथा बोधगया की कनेक्टिविटी बढ़ाने पर काम होगा। उत्तराखंड और नेपाल के बीच धारचुला मार्ग का उद्घाटन किया गया है, जबकि बिहार, उत्तर प्रदेश और नेपाल के बीच बॉर्डर कनेक्टिविटी बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि नेपाल में स्टार्टअप इन्क्यूबेटर, इनोवेशन हब और आईआईटी स्थापित किया जाएगा। नेपाली छात्रों के लिए भारत में कानून और तकनीकी पढ़ाई की स्कॉलरशिप बढ़ेगी और नेपाल में एग्रो इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने में सहयोग किया जाएगा।
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने भारत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुसीबत के समय भारत ही सबसे पहले मदद के लिए आगे आता है। उन्होंने कहा कि आपसी सम्मान, अटूट विश्वास और निरंतर सद्भावना भारत-नेपाल संबंधों की आधारशिला हैं और दोनों देशों के संबंध हिमालय की तरह मजबूत तथा महासागरों की तरह विशाल हैं।
