प्रयागराज में बुधवार देर रात बरात से लौट रहे दो युवकों की अलग-अलग घटनाओं में मौत हो गई। यमुनापार के घूरपुर थाना क्षेत्र में हथिगन गांव के पास एक युवक का शव सड़क किनारे पड़ा मिला, जिसके सिर और चेहरे पर चोट के निशान थे। शव देख स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक की पहचान करछना थाना क्षेत्र के लकटहा पनासा गांव निवासी 38 वर्षीय प्रकाश तिवारी उर्फ बंटी के रूप में हुई। वह बुधवार शाम बबुरा तलिया से घूरपुर गई बारात में अपने एक साथी के साथ शामिल होने गया था और देर रात दोनों लौट रहे थे। घटना के बाद उसका साथी मौके से भाग गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मोबाइल के जरिए परिवार को जानकारी दी। प्रकाश चार भाइयों में सबसे बड़ा था और घर पर ही रहता था। उसकी 14 वर्षीय बेटी पलक है। घूरपुर थाना प्रभारी हरकेश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
दूसरी घटना गंगापार के थरवई इलाके में हुई, जहां कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बन केसरी गांव निवासी 30 वर्षीय आशीष कुमार भारतीय बुधवार रात बसमहुआ गांव स्थित गेस्ट हाउस से बरात में शामिल होने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब 11:30 बजे रास्ते में कार की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें उपचार के लिए बनी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थरवई पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है।
आशीष पान की पुलिया बाजार में पान-सुपारी की दुकान चलाते थे। उनके परिवार में पत्नी अनीता देवी (27), छह वर्षीय बेटी अंशिका और तीन वर्षीय बेटा अयान है। दोनों युवकों की मौत से परिवारों में शोक का माहौल है।
