प्रयागराज में प्रस्तावित सिविल लाइंस ओवरब्रिज परियोजना पर फिलहाल रोक लगा दी गई है, जबकि एयरपोर्ट से झूंसी तक प्रस्तावित मेट्रो परियोजना का खाका नए सिरे से तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। मंडलायुक्त डा. लोकेश एम. की अध्यक्षता में कमिश्नर कार्यालय के गांधी सभागार में सिटी लाजिस्टिक प्लान पर बैठक हुई, जिसमें इन दोनों परियोजनाओं पर आपत्तियां दर्ज कराई गईं।
बैठक में नगर निगम के महापौर गणेश केसरवानी, पीडीए ऋतुराज, ईस्टर्न यूपी चैंबर आफ कामर्स एंड इंड्रस्टीज के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल और सचिव राजीव नैयर मौजूद रहे। करीब एक घंटे चली बैठक में केपी कॉलेज के पास से सीएमपी तक तथा केपी कॉलेज के पास से सिविल लाइंस में पत्थर गिरजा घर तक प्रस्तावित ओवरब्रिज परियोजना पर चर्चा हुई। साथ ही एयरपोर्ट से झूंसी तक प्रस्तावित मेट्रो रेल परियोजना के खींचे गए खाके पर भी विचार-विमर्श किया गया।
सचिव राजीव नैयर ने मेट्रो और सिविल लाइंस वाले ओवरब्रिज पर आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि सिविल लाइंस शहर का ऐतिहासिक क्षेत्र है और पुल के निर्माण से यह पूरी तरह तहस-नहस हो जाएगा। उनके अनुसार मेट्रो लाइन के निर्माण में भी काफी खोदाई होगी, जिससे इसकी खूबसूरती प्रभावित होगी। नैयर ने बताया कि उनकी आपत्तियों पर मंडलायुक्त ने भी सहमति जताई।
इसके बाद सिविल लाइंस ओवरब्रिज परियोजना को फिलहाल रोक दिया गया और मेट्रो परियोजना का खाका नए सिरे से खींचने के निर्देश दिए गए। बैठक में शहर की अन्य परियोजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
