प्रयागराज के ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज में एक छात्रा से मारपीट और कपड़े फाड़ने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि यह घटना प्रॉक्टर और प्रोफेसर के सामने हुई। छात्रा की शिकायत पर कर्नलगंज थाने की पुलिस ने परास्नातक के छात्र अंकुर सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।
सिविल लाइंस निवासी एक व्यक्ति की बेटी ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है। छात्रा का कहना है कि सोमवार दोपहर करीब 12 बजे वह अपने डिपार्टमेंट की ओर जा रही थी। तभी गेट के सामने प्रॉक्टर और प्रोफेसर के साथ अंकुर सिंह, विशाल, लकी, हर्षित समेत कई अन्य लोग खड़े थे। आरोप है कि अंकुर ने उसे देखते ही जातिसूचक गाली देते हुए बुलाया और बहस शुरू कर दी।
छात्रा के मुताबिक, प्रॉक्टर से हस्तक्षेप करने को कहने पर उन्होंने अंकुर को कुछ कहने की बजाय छात्रा को ही डांट दिया। विरोध करने पर आरोपित ने उसके बाल पकड़कर मारपीट शुरू कर दी और कैंपस के अंदर खींचने की कोशिश की। दोबारा विरोध करने पर पिटाई की और कपड़े फाड़ते हुए निर्वस्त्र करने का प्रयास किया। चीख-पुकार सुनकर सहेलियों ने छात्रा को आरोपित के चंगुल से छुड़ाया।
घटना से सहमी छात्रा ने सहेलियों के साथ थाने पहुंचकर तहरीर दी। इंस्पेक्टर कर्नलगंज ज्ञानेश्वर मिश्रा का कहना है कि छात्रा की तहरीर पर परास्नातक के छात्र अंकुर के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि छात्र और छात्रा के बीच वाट्सएप पर चैट को लेकर कुछ विवाद हुआ था। वास्तविकता का पता लगाते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।
