प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) प्रयागराज में तीन नई प्लाटिंग स्कीम शुरू करने जा रहा है। बेगमसराय, कसारी-मसारी और नैनी में विकसित होने वाली इन योजनाओं में 500 से अधिक आवासीय और व्यावसायिक भूखंड उपलब्ध होंगे। पीडीए के संपत्ति अधिकारी सूरज पटेल के अनुसार, भूखंडों की बिक्री की तैयारी अंतिम चरण में है और एक माह के भीतर बिक्री प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

तीनों स्थानों पर कुल 12 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में प्लाटिंग स्कीम विकसित की जाएगी। कसारी-मसारी में 4.55 हेक्टेयर में माधव कुंज हाउसिंग स्कीम, बेगमसराय में 3.22 एकड़ में यमुना वन हाउसिंग स्कीम और नैनी में 2.91 एकड़ में पारिजात हाउसिंग स्कीम बनेगी। इन योजनाओं में 60 वर्ग मीटर से लेकर 1000 वर्ग मीटर तक के भूखंड उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे छोटे भूखंड की तलाश करने वाले मध्यम वर्गीय परिवारों के साथ बड़े भूखंड और व्यावसायिक जमीन खरीदने के इच्छुक लोगों को भी विकल्प मिलेगा।

पीडीए की आवासीय योजनाओं के लिए आरक्षित जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा था। प्राधिकरण ने अभियान चलाकर इन भूखंडों को कब्जामुक्त कराया है। अब खाली कराई गई जमीन का बेहतर उपयोग करते हुए वहां नई प्लाटिंग स्कीम विकसित की जा रही है। इससे एक ओर प्राधिकरण की संपत्तियों का सदुपयोग होगा, वहीं दूसरी ओर लोगों को नियोजित तरीके से विकसित भूखंड खरीदने का अवसर मिलेगा।