कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया बयान पर पलटवार किया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखे अपने पोस्ट में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि नोटबंदी और GST से छोटे व्यापारियों को नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से प्रतिस्पर्धा करने वाली बड़ी कंपनियों के लिए भी मैदान खत्म कर दिया गया। राहुल गांधी ने यह भी लिखा कि मोनोपॉली से नौकरियां पैदा नहीं होतीं, बल्कि इससे कीमतें बढ़ती हैं और प्रतिस्पर्धा खत्म हो जाती है।

राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय आया है जब प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को FICCI के एक कार्यक्रम में कहा था कि सरकार ने कॉर्पोरेट टैक्स 30 प्रतिशत से घटाकर 22 प्रतिशत किया और 12 लाख रुपए तक की सालाना कमाई को टैक्स फ्री कर दिया। पीएम मोदी ने सवाल उठाया था कि क्या कंपनियों ने कर्मचारियों की सैलरी और संख्या बढ़ाई।

अपने पोस्ट में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि हवाई अड्डे, बंदरगाह, खदानें, जंगल, बिजली, कोयला और सड़कें बड़े उद्योगपतियों को सौंप दी गईं। उन्होंने सवाल किया कि इससे कितनी नौकरियां पैदा हुईं। राहुल गांधी ने कहा कि सरकार की नीतियों से उद्योगपतियों, छोटे व्यापारियों, महंगाई से जूझ रहे गरीब और मध्यम वर्ग तथा बेरोजगार युवाओं में से किसी को भी तारीफ के काबिल कुछ नहीं मिला।

राहुल गांधी ने आगे लिखा कि मोदी जी और उनके सहयोगियों पर लूट का आरोप है, जिसे देश ने देखा है। उन्होंने कहा कि तारीफ न मिलने पर नाराजगी जताई जा रही है और अब बचे हुए समर्थकों से ही तारीफ करवाई जा रही है।