लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक खुले संवाद कार्यक्रम के दौरान कहा कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनसे मुकाबला करना चाहते हैं तो उन्हें 4,000 किलोमीटर पैदल चलना होगा। उन्होंने कहा कि ऐसा करने पर लोग इसे उनकी नकल कहेंगे। राहुल गांधी ने अपनी 4,000 किलोमीटर लंबी भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए राजनीतिक विशिष्टता पर बात की और प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि एक राजनेता के तौर पर मोदी अन्य सभी राजनेताओं से बुनियादी तौर पर अलग हैं।
कार्यक्रम में राहुल गांधी ने राजनीति के कुछ अलिखित नियमों को चुनौती देने की बात कही, जिनमें यह धारणा शामिल है कि राजनेता अच्छे या ईमानदार नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि ईमानदारी और प्यार राजनीति में बहुत ताकतवर हथियार हो सकते हैं। अपने भांजे के साथ हुई बातचीत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अगर आप सिर्फ प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं तो आप पहले ही पिछड़ चुके हैं।
राहुल गांधी ने भारत की आर्थिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि देश गंभीर आर्थिक संकट के मुहाने पर खड़ा है। उन्होंने भारी बेरोजगारी, कमजोर विनिर्माण क्षेत्र और शिक्षा प्रणाली की कमियों का जिक्र किया। उन्होंने सरकार की मेक इन इंडिया और स्टार्ट-अप इंडिया जैसी योजनाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि केवल सेवा क्षेत्र युवाओं के लिए पर्याप्त रोजगार नहीं दे सकता। उन्होंने विनिर्माण क्षेत्र को पुनर्जीवित करने और छोटे व मध्यम उद्योगों को मजबूत करने की वकालत की। राहुल गांधी ने आर्थिक विकास का लाभ कुछ गिने-चुने बड़े व्यापारिक समूहों, विशेषकर गौतम अडानी और मुकेश अंबानी तक सीमित रहने पर भी सवाल खड़े किए।
भाजपा ने राहुल गांधी के इन बयानों पर पलटवार करते हुए इसे विदेशी धरती पर भारत विरोधी दुष्प्रचार करार दिया है।
