कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने माता-पिता से जुड़े एक किस्से को लेकर ट्रोल किए जाने के बाद भाजपा और RSS पर पलटवार किया है। उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया पर शिव-पार्वती की तस्वीर साझा करते हुए कहा कि डर, क्रोध और नफरत ने इनके समर्थकों के दिलों में ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम को महसूस करने और व्यक्त करने से रोकता है।

यह मामला सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' की सोमवार को हुई आधिकारिक लॉन्चिंग से जुड़ा है। कार्यक्रम में राहुल गांधी ने बताया था कि हर बार खाना खाते समय पापा होते थे और उनकी गोद में मम्मा बैठी होती थीं। उन्होंने कहा था कि बचपन में उन्हें यह सामान्य लगता था, लेकिन दोस्तों के घर जाकर ऐसा न देखने पर वे उनसे पूछते थे कि उनकी मां पिता की गोद में क्यों नहीं बैठतीं।

राहुल के इस बयान पर सोशल मीडिया पर दो तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। एक तरफ उन्हें निजी पारिवारिक बातें सार्वजनिक मंच पर साझा करने के लिए ट्रोल किया जा रहा है और उनके बयान को लेकर मीम्स बनाए जा रहे हैं, तो दूसरी तरफ कुछ लोग इसे माता-पिता के बीच प्यार और अपनापन जताने वाली बचपन की याद बता रहे हैं। कुछ यूजर्स ने बयान को असहज करने वाला बताया, जबकि समर्थकों का कहना है कि माता-पिता के रिश्ते में प्यार जताने के तरीके को मजाक का विषय नहीं बनाना चाहिए।

इस बीच असम के मुख्यमंत्री ने राहुल के बयान पर कहा कि सॉरी मैडम, आपको शर्मिंदगी से नहीं बचा सके। उधर, सोनिया गांधी की किताब की दिल्ली में 16 नवंबर को हुई लॉन्चिंग में कार्यक्रम की शुरुआत में उनके जीवन पर एक शॉर्ट फिल्म दिखाई गई, जिसे देखकर वे भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी नहीं रहे तो वे टूट गई थीं और राहुल-प्रियंका ने संभाला, वही उनके माता-पिता बन गए थे। कार्यक्रम में राहुल और प्रियंका के साथ तमिलनाडु, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना, केरल और कर्नाटक के मुख्यमंत्री शामिल हुए। सोनिया की किताब 10 नवंबर को ही बाजार में आ गई थी।