कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने हाल ही में अपनी किताब लॉन्च की है। संस्मरण के रूप में लिखी गई इस किताब के विमोचन कार्यक्रम में कांग्रेस के नेताओं के साथ सहयोगी दलों के कई नेता भी शामिल हुए। खबरों के मुताबिक, इस कार्यक्रम के लिए एक और नेता को बुलावा भेजा गया था और राहुल गांधी ने उन्हें फोन भी मिलाया, लेकिन उस नेता ने न तो फोन उठाया और न ही कार्यक्रम में पहुंचे।

यह नेता द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) चीफ एमके स्टालिन हैं। न्यूज 18 की बुधवार की एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया कि राहुल गांधी ने 16 नवंबर को दिल्ली में सोनिया गांधी की किताब 'बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव' के विमोचन समारोह में आमंत्रित करने के लिए स्टालिन को फोन किया था, पर डीएमके चीफ ने कांग्रेस नेता से बात नहीं की। हालांकि स्टालिन ने सोनिया गांधी को बधाई संदेश जरूर भेजा।

इससे पहले कुछ महीनों तक राहुल गांधी और स्टालिन के बीच आत्मीयता नजर आती थी और दोनों सार्वजनिक रूप से एक-दूसरे को भाई कहकर संबोधित करते थे। 2019 के लोकसभा चुनावों से पहले स्टालिन उन नेताओं में से एक थे जिन्होंने राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में समर्थन दिया था। 2024 के चुनाव प्रचार के दौरान राहुल ने स्टालिन को अपना 'बड़ा भाई' कहा था।

रिपोर्ट के अनुसार, कांग्रेस और डीएमके के बीच दूरियों की वजह तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय को माना जा रहा है। 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों से पहले दोनों दलों के बीच मतभेद बढ़े; दोनों ने चुनाव एक साथ लड़ा, लेकिन साथ मिलकर प्रचार नहीं किया। चुनाव परिणामों के बाद विजय की पार्टी TVK सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी और कांग्रेस ने सरकार बनाने में उनका समर्थन कर दिया। इसके बाद डीएमके ने सार्वजनिक रूप से कांग्रेस को धोखेबाज़ कहा और इंडिया गठबंधन से बाहर आने का ऐलान कर दिया।