रांची के धुर्वा स्थित जेपी मार्केट में मंगलवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। टेस्टी अंदाज फूड कॉर्नर में कारीगर के रूप में काम करने वाले अजय दास की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय दुकानदारों व लोगों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, दुकान में किसी बात को लेकर एक ग्राहक और कारीगर अजय दास के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपित ने धारदार हथियार से अजय के गले पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। आसपास के लोगों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए पारस अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बता दें कि मृतक अजय दास मूल रूप से पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले का रहने वाला था और जेपी मार्केट स्थित टेस्टी अंदाज फूड कॉर्नर में कारीगर के रूप में काम करता था।
घटना की सूचना मिलने के बाद धुर्वा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस हमलावर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापामारी कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस दुकान में हुए विवाद सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
