रांची जिले के तुपुदाना ओपी क्षेत्र में एक विवाहिता के साथ हथियार के बल पर सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता ने सोमवार को अपने पति के साथ थाने पहुंचकर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। घटना बीते गुरुवार की रात की बताई जा रही है, जब पीड़िता अपने घर में अकेली थी।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता का पति मजदूरी का काम करता है और घटना वाली रात काम के सिलसिले में घर से बाहर गया हुआ था। घर में महिला को अकेला पाकर गुरुवार देर रात तीन युवक जबरन अंदर घुस आए। आरोपितों ने पहले महिला को हथियार दिखाकर डराया-धमकाया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद तीनों आरोपितों ने बारी-बारी से विवाहिता के साथ दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़िता डरी और सहमी हुई थी। आरोपियों की धमकी और लोकलाज के भय से उसने तुरंत इस बात की जानकारी किसी को नहीं दी और न ही पुलिस के पास गई। जब उसका पति काम से घर लौटा, तो महिला ने हिम्मत जुटाकर आपबीती सुनाई। इसके बाद दोनों सोमवार को तुपुदाना ओपी पहुंचकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पीड़िता का बयान दर्ज करने के साथ ही उसे मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया है। तुपुदाना पुलिस का कहना है कि आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
