रियलमी जल्द ही भारत में अपनी नंबर सीरीज में पहला अल्ट्रा मॉडल पेश कर सकती है। टिप्सटर अभिषेक यादव ने एक पोस्ट में दावा किया है कि कंपनी realme 17 Ultra को लाने की तैयारी कर रही है। नंबर सीरीज रियलमी की सबसे पुरानी सीरीज रही है और माना जा रहा है कि अल्ट्रा मॉडल के जरिए कंपनी मिड प्रीमियम सेगमेंट में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती है। टिप्सटर के मुताबिक, रियलमी ने इस बार GT सीरीज को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है।

अभिषेक यादव ने अपने X पोस्ट में realme 17 Ultra RMX5341 के संभावित स्पेक्स साझा किए हैं। इन दावों के अनुसार फोन में 200 मेगापिक्सल का मेन कैमरा और 50 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड कैमरा दिया जा सकता है। फोन में 120x जूम और 4K 120fps वीडियो रिकॉर्डिंग का सपोर्ट मिलने की बात भी कही जा रही है। डिस्प्ले 1.5K या 2K रेजॉलूशन वाला OLED हो सकता है, जो 165Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करेगा।

बैटरी को लेकर दावा है कि इसमें 9000mAh की बैटरी होगी, जो 100 वॉट चार्जिंग को सपोर्ट करेगी। फोन में कूलिंग फैन और लाइट रिंग का कॉन्सेप्ट भी सामने आ सकता है। नंबर सीरीज में अब तक लाइट रिंग नहीं देखी गई है। टिप्सटर के मुताबिक इसमें स्नैपड्रैगन चिपसेट दिया जा सकता है, हालांकि चिपसेट का नाम अभी तय नहीं है। फोन पूरी तरह मेटल बिल्ड के साथ आ सकता है।

रियलमी, वनप्लस और ओपो के साथ काम कर रही है और ओपो का ColorOS 17 वनप्लस के कई नए मॉडलों में आ रहा है। कहा जा रहा है कि realme 17 Ultra में भी इसे शामिल किया जा सकता है। फोन सिल्वर और रेड कलर्स में आने की उम्मीद है, जबकि 12 जीबी रैम के साथ 256GB और 512GB स्टोरेज मॉडल दिए जा सकते हैं।