नई दिल्ली: रिटायरमेंट की प्लानिंग और फंड जुटाने का तरीका समय के साथ बदला है। अब कई लोग नौकरी की पहली सैलरी से ही रिटायरमेंट फंड जुटाना शुरू कर देते हैं, जबकि कुछ लोग 30 या 40 की उम्र में इसे शुरू करते हैं। रिटायरमेंट फंड भविष्य की वित्तीय प्लानिंग का हिस्सा है, जिसका मकसद रिटायरमेंट के बाद आर्थिक मदद करना है।

आनंद राठी वेल्थ लिमिटेड के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर आदिल चाको ने एनबीटी से बातचीत में बताया कि काम शुरू करने के साथ अनुशासन के तहत पैसे जुटाने की जरूरत है। उनके मुताबिक, रिटायरमेंट के समय कैपिटल की मात्रा कम और रिटर्न की मात्रा ज्यादा होनी चाहिए, और इसके लिए समय देना बहुत जरूरी है।

एक्सपर्ट ने यह भी बताया कि रिटायरमेंट फंड के लिए निवेश ऐसे इंस्ट्रूमेंट में होना चाहिए जो महंगाई को लगातार हरा सके। एसेट कैटेगरी में इक्विटी और गोल्ड के अलावा बॉन्ड्स, एफडी, रियल एस्टेट और कमोडिटीज भी शामिल हैं।

पावर ऑफ कंपाउंडिंग का अर्थ है कि जमा राशि (मूलधन) पर मिलने वाले रिटर्न पर भी रिटर्न मिलता है, यानी ब्याज पर ब्याज। रिटायरमेंट प्लानिंग में महंगाई का अनुमान न लगा पाना, देर से शुरुआत करना और पोर्टफोलियो को डायवर्सिफाई न कर पाना जैसी गलतियां हो सकती हैं। देश में एनपीएस, ईपीएस और पीपीएफ जैसी सरकारी रिटायरमेंट योजनाएं भी हैं।

डिस्क्लेमर: इस विश्लेषण में दिए गए सुझाव व्यक्तिगत विश्लेषकों या ब्रोकिंग कंपनियों के हैं, एनबीटी के नहीं। किसी भी निवेश का निर्णय लेने से पहले प्रमाणित विशेषज्ञों से परामर्श कर लें, क्योंकि शेयर बाजार की परिस्थितियां तेजी से बदल सकती हैं।