विधानसभा चुनाव से पहले रुदौली विधानसभा क्षेत्र को 42 करोड़ रुपये के विकास पैकेज की स्वीकृति मिली है। मवई विकासखंड के सात प्रमुख गांवों को जोड़ने वाले 17.90 किलोमीटर लंबे मार्ग के विस्तार और सुदृढ़ीकरण पर यह राशि खर्च होगी। परियोजना के लिए 42 करोड़ 16 लाख 60 हजार रुपये मंजूर हुए हैं।

विधायक रामचंद्र यादव के प्रयास से स्वीकृत इस परियोजना से क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी बेहतर होगी। कोटवा, नेवरा, कोड़रा, पारा, पहाड़पुर, अमराई और बाकरपुर को जोड़ने वाली सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी और उसका सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा। इससे हजारों ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और रुदौली तथा मवई ब्लॉक के गांवों के बीच दूरी घटेगी।

सड़क बनने से किसानों को उपज के परिवहन, व्यापारियों को कारोबार और विद्यार्थियों को आवागमन में सहूलियत होगी। विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है और सड़क, बिजली, पानी सहित बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

विधायक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया और कहा कि गांवों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ने के लिए काम हो रहा है। कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग को सड़क निर्माण जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।