रुद्रपुर में मंगलवार दोपहर गाबा चौक पर एक सड़क हादसे में सुभाष कालोनी निवासी प्रताप की 12 टायरा ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसी बीच भूतबंगला निवासी प्रताप भी बाइक लेकर घर से निकला था। गाबा चौक पर प्रताप नाम के बाइक सवार की मौत की सूचना भूतबंगला निवासी प्रताप के स्वजन तक पहुंची। नाम एक होने के कारण उन्होंने हादसे का शिकार हुए व्यक्ति को अपना प्रताप समझ लिया।
पत्नी, बच्चे और अन्य स्वजन बदहवास हालत में पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। शव का चेहरा बुरी तरह कुचला होने के कारण वे पहचान नहीं सके और अनहोनी की आशंका के बीच शव को अपना प्रताप मानकर रोने-बिलखने लगे। उन्होंने नाते-रिश्तेदारों को फोन कर प्रताप की मौत की सूचना भी दे दी।
इसी दौरान सुभाष कालोनी निवासी मृतक प्रताप के स्वजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। उन्हें देखकर भूतबंगला निवासी प्रताप के स्वजन ने शव को दोबारा ध्यान से देखा और उन्हें अपनी भूल का एहसास हुआ। जिस व्यक्ति की मौत की खबर सुनकर वे गम में डूब गए थे, वह उनका प्रताप नहीं था।
गलतफहमी दूर होने पर परिवार ने राहत की सांस ली, लेकिन कुछ देर तक पोस्टमार्टम हाउस में पसरा मातम और अपनों को खोने का भय हर किसी को झकझोर गया।
