पूर्वी पाकिस्तान के सिलहट में 17 नवंबर 1952 को जन्मीं रूना लैला को दक्षिण एशिया की क्वीन ऑफ मैलोडी कहा जाता है। उन्होंने 1960 के दशक के अंत में पाकिस्तानी फिल्म इंडस्ट्री से अपने पेशेवर करियर की शुरुआत की। शुरुआत में उनकी गायकी पाकिस्तानी प्लेबैक सिंगर अहमद रुश्दी से प्रेरित थी और उन्होंने उनके साथ कई डुएट गाए। असली पहचान उन्हें पारंपरिक सूफी गीत 'दमा दम मस्त कलंदर' से मिली, जिसे उन्होंने पाकिस्तान के अलावा भारत और बांग्लादेश में भी गाया। इस एक गाने ने उन्हें दक्षिण एशियाई संगीत में एक लेजेंडरी हस्ती के तौर पर पहचान दिलाई।
साल 1974 में रूना लैला मुंबई में अपना पहला संगीत कार्यक्रम करने आईं। भारत में उन्होंने कंपोजर जयदेव के साथ संगीत की दुनिया में शुरुआत की, जिनसे उनकी पहली मुलाकात दिल्ली में हुई थी। साल 1976 में उन्हें कल्याणजी आनंदजी के साथ फिल्म 'एक से बढ़कर एक' में काम करने का मौका मिला, जिसके लिए उन्होंने 'मेरा बाबू छैल छबीला' और 'दमा दम मस्त कलंदर' जैसे गाने गाए। इससे भारतीय श्रोताओं के बीच भी उनकी अच्छी पकड़ बनी।
साल 1982 में रूना लैला ने गोल्डन डिस्क अवॉर्ड जीता, क्योंकि बप्पी लहिरी के कंपोजिशन में बनी उनकी एल्बम 'सुपरुना' ने रिलीज के पहले ही दिन एक लाख से अधिक कॉपीज बेची थीं। उनका नाम उन गायिकाओं में शुमार है जिन्होंने तीन दिन के अंदर 30 गाने रिकॉर्ड किए और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करवाया।
