प्रयागराज में बुधवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट में सहारनपुर जिला कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण से जुड़े मामले की सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान मस्जिद कमेटी ने अदालत में अपना जवाब दाखिल कर दिया। अब इस मामले में उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से जवाब दाखिल किया जाना है। सभी पक्षों को सुनने के बाद हाईकोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 9 दिसंबर की तारीख तय की है।

इससे पहले की सुनवाई में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मस्जिद कमेटी को अंतरिम राहत दी थी। अदालत ने नगर मजिस्ट्रेट सहारनपुर की ओर से जारी 6 करोड़ 41 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति वसूली के आदेश पर रोक लगाई थी। कोर्ट ने प्रतिवादी अब्दुल हामिद को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था और सभी संबंधित पक्षों को तीन सप्ताह के भीतर काउंटर एफिडेविट दाखिल करने का निर्देश दिया था।

मस्जिद कमेटी के मुतवल्ली के बेटे मोहम्मद तनवीर अहमद की ओर से इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गई है, जिसमें प्रशासन की कार्रवाई को चुनौती देते हुए राहत देने की मांग की गई है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि प्रशासन ने बिना किसी कानूनी नोटिस और बिना औपचारिक ध्वस्तीकरण आदेश जारी किए मस्जिद के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी।

याचिकाकर्ता ने प्रशासन की कार्रवाई को उपासना स्थल अधिनियम यानी वर्शिप एक्ट का उल्लंघन बताया है। याचिका में मांग की गई है कि मस्जिद के ध्वस्तीकरण से जुड़े मामले में आगे किसी भी तरह की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए और प्रशासन की ओर से अब तक की गई समस्त कार्रवाई निरस्त की जाए। फिलहाल मस्जिद कमेटी अपना जवाब दाखिल कर चुकी है और अब उत्तर प्रदेश सरकार के जवाब पर सुनवाई होगी।