बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह धमकी बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में वांछित आरोपी जीशान अख्तर ने दी है। हालांकि मुंबई पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है कि धमकी जीशान ने ही दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी सच में अख्तर की तरफ से आई है या कोई और उसके नाम का इस्तेमाल कर रहा है।
इससे पहले अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को भी ऐसी धमकियां मिल चुकी हैं। एक अधिकारी के मुताबिक उस मामले में पुलिस ने बेंगलुरु के रहने वाले 30 वर्षीय आईआईटी ग्रेजुएट वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था, जिसने कथित तौर पर धमकियां देने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल किया था। अधिकारी ने बताया कि मिश्रा का किसी भी गिरोह से कोई संबंध नहीं है।
सैफ अली खान को धमकी मिलने का यह मामला आयुष्मान खुराना को मिले एक धमकी भरे ऑडियो मैसेज के कुछ दिनों बाद सामने आया है, जिसमें भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया था। आरोप है कि उसने अभिनेता से करोड़ों रुपयों की मांग की थी। तुषार कपूर को भी इसी गैंग का सदस्य होने का दावा करने वाले किसी व्यक्ति से 5 करोड़ रुपये की फिरौती की धमकी मिली थी। हालांकि मुंबई पुलिस को शक है कि कॉल करने वाला शायद हैरी बॉक्सर होने का नाटक कर रहा था।
मुंबई क्राइम ब्रांच ने इन मामलों के सिलसिले में बेंगलुरु से 30 वर्षीय आईआईटी ग्रेजुएट वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया है, जिसे आगे की पूछताछ के लिए मुंबई लाया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मिश्रा का लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई संबंध नहीं है और उसे शक है कि आरोपी ने धमकी देने के लिए एआई की मदद से नकली आवाज तैयार की थी। बताया गया कि आरोपी ने इंटरनेट पर सर्च करके कलाकारों के फोन नंबर हासिल किए और फिर उन्हें धमकी भरे संदेश भेजे।
