सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से UA 16+ सर्टिफिकेट मिल गया है। बोर्ड की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार यह सर्टिफिकेट 18 नवंबर को जारी हुआ। फिल्म को हिंदी कैटेगरी में सर्टिफाई किया गया है और इसकी अवधि 2 घंटे, 34 मिनट और 12 सेकंड है। सर्टिफिकेशन में सलमान खान वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड को निर्माता और आवेदक बताया गया है। सेंसर मंजूरी के बाद फिल्म की थिएट्रिकल रिलीज का रास्ता साफ हो गया है और मेकर्स ने नई रिलीज डेट 4 दिसंबर 2026 तय की है। पहले फिल्म 20 नवंबर 2026 को रिलीज होनी थी।

फिल्म में सलमान खान के साथ चित्रांगदा सिंह भी लीड रोल में नजर आएंगी। कहानी एक ऐसे कर्नल की है जो देश की रक्षा के लिए सब कुछ दांव पर लगा देता है, जबकि उनकी पत्नी परिवार को एकजुट रखने की कोशिश करती है। फिल्म सीमा पर चल रही लड़ाई के साथ एक सैनिक के परिवार की चुनौतियों को भी दिखाती है। फिल्म को शुरू में 'बैटल ऑफ गलवान' नाम से अनाउंस किया गया था और मार्च 2026 में इसका नाम बदला गया।

डायरेक्टर अपूर्वा लाखिया के मुताबिक, फिल्म को थिएटर तक पहुंचाने में डेढ़ साल से ज्यादा का संघर्ष करना पड़ा। इस दौरान फिल्म के अटकने या सीधे ओटीटी पर रिलीज होने की अफवाहें भी उड़ीं, लेकिन टीम ने हार नहीं मानी। उन्होंने कहा कि इस पूरे सफर में सलमान खान की लगातार मौजूदगी टीम के लिए भरोसे और हौसले का स्रोत बनी रही।

6 नवंबर को ट्रेलर लॉन्च के दौरान सलमान खान ने फिल्म को लेकर चल रही अफवाहों को खारिज किया था। उन्होंने बताया था कि फिल्म बिना किसी कट के सेंसर बोर्ड से पास हुई है। रिलीज में देरी पर उन्होंने कहा था कि फिल्म में बड़े स्तर पर विजुअल इफेक्ट्स का काम होना था और चित्रांगदा सिंह के घायल होने से शूटिंग का शेड्यूल भी प्रभावित हुआ। फिल्म का निर्देशन अपूर्वा लाखिया ने किया है।