संभल में प्रस्तावित पदयात्रा को लेकर विरोध तेज हो गया है। शाही जामा मस्जिद के सदर जफर अली एडवोकेट ने इस ऐलान की कड़ी निंदा करते हुए इसे गलत, असामाजिक, अधार्मिक और गैरकानूनी बताया है। उन्होंने संभल पुलिस और जिला प्रशासन से प्रस्तावित पदयात्रा पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की है।
जफर अली का कहना है कि संभल के मौजूदा हालात और शहर की शांति व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन को इस आयोजन पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने पदयात्रा की अनुमति न देने की अपील की है।
शहरवासियों से उन्होंने अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और ऐसी चर्चाओं को बढ़ावा न दें, जिनसे शहर का माहौल प्रभावित होने की आशंका हो। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की है।
संभल में प्रस्तावित पदयात्रा को लेकर अलग-अलग पक्षों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। अब इस मामले में पुलिस और जिला प्रशासन की भूमिका अहम मानी जा रही है, और अनुमति व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन के रुख पर सबकी निगाहें टिकी हैं।
