सारण के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नैनी गांव में बुधवार दिनदहाड़े चार हथियारबंद लोगों ने घर में घुसकर एक युवक को गोली मारकर हत्या कर दी। बचाव में आए उसके पिता भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए।
मृतक की पहचान नैनी गांव निवासी जितेंद्र कुमार सिंह के 30 वर्षीय पुत्र आलोक कुमार सिंह के रूप में हुई है। घायल पिता का छपरा सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। एसडीपीओ सुमित शेखर ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
स्वजनों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 11 बजे घर में साफ-सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान चार हथियारबंद लोग घर में घुस आए और आलोक को निशाना बनाकर गोली मार दी। पिता जितेंद्र कुमार सिंह भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। गोलियों की आवाज से गांव में अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों ने दोनों को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने आलोक को मृत घोषित कर दिया।
घायल पिता ने बताया कि उनके छोटे बेटे अभिषेक कुमार का गांव की ही एक लड़की से करीब ढाई वर्ष पहले प्रेम प्रसंग शुरू हुआ था। दोनों बाद में नोएडा में रहने लगे। बताया जाता है कि लड़की अभिषेक के साथ घर से चली गई थी और दोनों ने शादी कर ली थी। इसी बात को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। जितेंद्र गुजरात में काम करते हैं, अभिषेक नोएडा में रहता है, जबकि आलोक आगरा के एक होटल में काम करता था। परिवार के लोग एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गांव आए थे, इसी दौरान वारदात हो गई।
