जनकपुर और अयोध्या के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 15595/96 सरयू कमला एक्सप्रेस अब जयनगर में कस्टम जांच पूरी होने के बाद ही रवाना होगी। स्टेशन पर तैनात कस्टम अधीक्षक भवेश कुमार ने बताया कि जांच के लिए चार अधीक्षक, पांच इंस्पेक्टर और 14 हवलदार प्रतिनियुक्त किए गए हैं। ट्रेन परिचालन के दिन कस्टम विभाग सीतामढ़ी, दरभंगा, पिपरौन और जयनगर से अतिरिक्त अधिकारी और हवलदार नेपाली रेलवे स्टेशन पर तैनात करेगा।

तय ठहराव के दौरान कस्टम विभाग, एसएसबी, आरपीएफ और जीआरपी के कर्मी यात्रियों और उनके सामान की जांच करेंगे। ट्रेन के भीतर इन सभी एजेंसियों के सहयोग से यात्रियों और सामान की जांच की जाएगी। कोई यात्री संदिग्ध लगने पर उसे ट्रेन से उतारकर स्कैनिंग जांच की जाएगी। जरूरत पड़ने पर पहचान के लिए यात्रियों से कागजात भी मांगे जाएंगे।

यह व्यवस्था सीमावर्ती रूट पर सुरक्षा और कस्टम नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए लागू की गई है। बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को अयोध्या दौरे पर जाएंगे और अयोध्या जनकपुर सरयू कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ में शामिल होंगे।