सीजेपी नेता सौरभ दास के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी होने की जानकारी केंद्र सरकार ने गुरुवार को दिल्ली हाई कोर्ट को दी। सरकार की ओर से पेश एडिशनल सॉलिसिटर जनरल ऑफ इंडिया चेतन शर्मा ने कोर्ट में कहा कि पासपोर्ट में विसंगतियों के कारण दास की भारतीय नागरिकता पर भी असर पड़ सकता है। हालांकि, दास के वकीलों ने कहा है कि उन्हें लुकआउट नोटिस की कोई जानकारी नहीं है। अदालत ने सरकार से दास की याचिका पर जवाब मांगा है।

इससे पहले विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया था कि चेन्नई स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने 23 नवंबर को दास को कारण बताओ नोटिस जारी किया था, जिसमें उनसे जन्मस्थान से जुड़ी विसंगतियों पर सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्होंने कहा था कि पासपोर्ट आवेदन में सही जानकारी देने की घोषणा करनी होती है और विसंगति पाए जाने पर आवेदक को अपना पक्ष रखने का मौका दिया जाता है।

दास को एयरपोर्ट पर रोके जाने के बाद उन्होंने हाई कोर्ट का रुख किया था। उनका कहना था कि उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट यूनियन के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बुलाया गया था, लेकिन यात्रा से ठीक पहले इमीग्रेशन काउंटर पर उन्हें रोक दिया गया। दास के वकील ने कोर्ट को बताया था कि उन्हें कोई आदेश नहीं दिखाया गया और न ही कोई लुकआउट सर्कुलर था।

सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया था कि सात साल पहले इसी सरकार ने पासपोर्ट जारी किया था, तब गड़बड़ियां क्यों नहीं मिलीं। उन्होंने कहा था कि सीजेपी के गठन और दास के पार्टी का मुख्य चेहरा बनने के बाद यह कार्रवाई की जा रही है। खबरों के अनुसार, पासपोर्ट चेन्नई स्थित क्षेत्रीय कार्यालय से जारी किया गया था।