कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के राष्ट्रीय सह-संयोजक सौरभ दास ने अपने कथित नेपाली मूल और असली नाम 'योगेश शर्मा' होने के विवाद पर सफाई दी है। इंटरनेशनल शो 'पियर्स मॉर्गन अनसेंसर्ड' पर बातचीत में उन्होंने कहा कि उनका जन्म दिल्ली में हुआ है और वे इसे साबित कर सकते हैं। उन्होंने यह स्वीकार किया कि उनकी मां के परिवार की जड़ें नेपाल से जुड़ी हो सकती हैं।
यह विवाद 30 अक्टूबर को मद्रास हाईकोर्ट में दायर एक जनहित याचिका से शुरू हुआ। तमिलनाडु के कांचीपुरम जिले के कारोबारी गणेश कुमार ने याचिका में आरोप लगाया कि सौरभ दास का असली नाम योगेश शर्मा है और उनका पारिवारिक मूल नेपाल से जुड़ा है। याचिका में यह भी आरोप है कि उन्होंने अपनी पहचान छिपाकर आधार कार्ड, वोटर आईडी और पासपोर्ट बनवाया। मुख्य न्यायाधीश एस. ए. धर्माधिकारी और न्यायमूर्ति जी. अरुल मुरुगन की पीठ ने केंद्र सरकार, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी और 10 अन्य पक्षों को छह सप्ताह में जवाब देने का नोटिस जारी किया था।
शो में सौरभ दास ने कहा कि उनका जन्म 15 जनवरी 1999 को दिल्ली में हुआ और उनकी उम्र 27 साल है। बर्थ सर्टिफिकेट के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनकी पीढ़ी के कई भारतीयों के पास यह दस्तावेज नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी दस्तावेजों में पिता का नाम एक ही है और चेन्नई पासपोर्ट कार्यालय के नोटिस में केवल जन्मस्थान पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्होंने यह भी तर्क दिया कि वे निजी नागरिक हैं, इसलिए उनके खिलाफ जनहित याचिका कानूनन सुनवाई योग्य नहीं है।
23 नवंबर की रात सौरभ दास को लंदन जाने वाली फ्लाइट पकड़ने से पहले दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रोक दिया गया था। वे ऑक्सफोर्ड यूनियन, कैम्ब्रिज, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स और एडिनबर्ग यूनिवर्सिटी के कार्यक्रमों में शामिल होने जा रहे थे। शो में शामिल भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता शाजिया इल्मी ने कहा कि उन्हें यकीन है कि सौरभ भारतीय हैं, लेकिन राजनीतिक सक्रियता किसी को दस्तावेजों के कानूनी सत्यापन से छूट नहीं देती। उन्होंने कहा कि पासपोर्ट जब्त नहीं किया गया, सिर्फ स्पष्टीकरण मांगा गया है। एयरपोर्ट पर रोके जाने के खिलाफ सौरभ दास ने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
