सीहोर जिले के बुधनी में वार्ड नंबर 12 स्थित एक घर में पति, पत्नी और बेटे की हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया। तीनों के सिर पर गहरे चोट के निशान मिले हैं। मृतकों की पहचान राकेश मीना (45), उनकी पत्नी राधा (40) और बेटे अश्विन (24) के रूप में हुई है। बुधवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।

एसडीओपी रवि शर्मा के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि हमलावरों ने मंगलवार रात सोते समय परिवार पर हमला कर उनकी हत्या कर दी। हालांकि, वारदात को किसने अंजाम दिया और इसके पीछे क्या वजह रही, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

सूचना मिलते ही एसडीओपी रवि शर्मा और थाना प्रभारी सुनील ठाकुर पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घर का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है और परिवार के परिचितों, रिश्तेदारों तथा आसपास रहने वाले लोगों से भी जानकारी ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों की पहचान और हत्या की वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।

घर में तीन शव मिलने की खबर फैलते ही मकान के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे नगर में दहशत का माहौल बन गया। बुधनी में एक साथ तीन लोगों की हत्या की इस वारदात ने नगरवासियों को झकझोर दिया है। फिलहाल पुलिस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी है और नगरवासी आरोपितों की गिरफ्तारी तथा वारदात के जल्द खुलासे का इंतजार कर रहे हैं।