शामली में मतदाता सूची में नाम जोड़ने और त्रुटियां सुधारने के लिए 16 दिसंबर तक आवेदन किए जा सकेंगे। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण वर्मा ने मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागर में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ बैठक कर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी।
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवा फॉर्म-छह से अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं। नाम हटाने के लिए फॉर्म-सात तथा नाम-पते में संशोधन या डुप्लीकेट मतदाता पहचान पत्र के लिए फॉर्म-आठ भरना होगा। आवेदन 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक ऑनलाइन, संबंधित अधिकारी कार्यालय या बीएलओ के माध्यम से जमा किए जा सकेंगे।
एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवा भी फॉर्म-छह दे सकते हैं, जिनका नाम नियमानुसार सूची में शामिल किया जाएगा। विशेष अभियान के तहत 21, 22, 28 और 29 नवंबर को बीएलओ बूथों पर आवेदन लिए जाएंगे।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र सिंह, एसडीएम कैराना शिवाजी यादव, ऊन की एसडीएम दीपिका मेहर, शामली के एसडीएम सचिन राजपूत और विभिन्न दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
