कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' का विरोध करते हुए शिंदे सेना के नेताओं ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेन्स में किताब की प्रतियां फाड़ दीं। पार्टी का आरोप है कि इस पुस्तक में वीर सावरकर का अपमान किया गया है और इतिहास को अपने हिसाब से पेश करने की कोशिश की गई है। संजय निरुपम की अगुवाई में हुए इस विरोध के दौरान शिंदे सेना गुट की प्रवक्ता शाइना एनसी ने कथित तौर पर बाल ठाकरे की तस्वीर फाड़ दी, जिस पर विवाद खड़ा हो गया है।
जो तस्वीर फाड़ी गई, वह 27 अगस्त 2004 की बताई जाती है, जब बालासाहेब ठाकरे ने मुंबई के शिवाजी पार्क में सावरकर स्मारक के पास मणिशंकर अय्यर के पुतले पर चप्पल से प्रहार किया था। शिवसेना नेता यह तस्वीर प्रेस कॉन्फ्रेन्स में इसलिए लेकर आए थे ताकि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना को घेरा जा सके। उनका तर्क था कि बाल ठाकरे कांग्रेस के कट्टर विरोधी थे, फिर भी उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने कांग्रेस के साथ गठबंधन कर रखा है।
संजय निरुपम द्वारा इस गलती की ओर ध्यान दिलाए जाने पर शाइना एनसी ने फटी हुई तस्वीर को तुरंत कागजों के नीचे छिपा दिया। बाद में शिवसेना नेताओं ने आधिकारिक तौर पर दावा किया कि जो तस्वीर फाड़ी गई थी, उसमें मणिशंकर अय्यर थे, न कि बाल ठाकरे। शाइना एनसी ने भी स्पष्ट किया कि उन्होंने अय्यर की तस्वीर फाड़ी थी।
इस घटना के बाद बीएमसी में भारी हंगामा देखने को मिला। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना और कांग्रेस ने शिवसेना संस्थापक का अपमान करने के आरोप में शाइना एनसी पर निशाना साधा। यूबीटी शिवसेना के पार्षदों ने उनके खिलाफ नारे लगाए और उन्हें पार्टी से बाहर निकालने की मांग की। पूर्व मुंबई मेयर किशोरी पेडनेकर ने कहा कि बालासाहेब का अपमान कोई बर्दाश्त नहीं करेगा और शिंदे गुट द्वारा शिवसेना संस्थापक के प्रति दिखाया जा रहा प्रेम दिखावटी है।
