कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया ने गुरुवार (19 नवंबर) को दोहराया कि वह 2028 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। मैसुरु में समर्थकों, पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की उस मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए, जिसमें उनसे अपने फैसले पर पुनर्विचार करने और चुनाव में उतरने का आग्रह किया गया था, उन्होंने कहा, "अब मैं 80 साल का हो गया हूं। इस उम्र में कोई क्या ही कह सकता है? इसलिए मैंने कहा है कि मैं अगला चुनाव नहीं लड़ूंगा।" उन्होंने बढ़ती उम्र और प्रचार के दौरान होने वाली शारीरिक कठिनाइयों को वजह बताया। इससे पहले भी उन्होंने 2028 का चुनाव न लड़ने की घोषणा की थी और तब उम्र के साथ-साथ राजनीति के "बहुत दूषित" हो जाने का हवाला दिया था।
पूर्व मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि चुनाव न लड़ने का मतलब सक्रिय राजनीति से दूरी नहीं है। उन्होंने कहा कि वह लोगों की परेशानियों और कल्याण से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज उठाते रहेंगे। कांग्रेस जब 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रही है, ऐसे में उनके इस फैसले का राजनीतिक महत्व है और पार्टी के नेतृत्व ढांचे, उत्तराधिकार तथा प्रचार की रणनीति से जुड़े सवालों पर चर्चा जारी रहने की संभावना है।
यह टिप्पणी नई दिल्ली में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब के विमोचन के बाद उनकी स्थिति को लेकर लगाई जा रही अटकलों के बीच आई है। उस कार्यक्रम में सिद्धारमैया आगे से पांचवीं पंक्ति में बैठे थे। इसके बाद केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने आरोप लगाया था कि सिद्धारमैया को पार्टी में किनारे किया जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने इस आरोप को खारिज किया और कहा कि वह किताब के विमोचन समारोह में देरी से पहुंचे थे, इसलिए पांचवीं कतार में बैठे। मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भी दोनों नेताओं के बीच मतभेदों की अटकलों को खारिज करते हुए कहा था कि सिद्धारमैया अब भी उनके नेता हैं।
सिद्धारमैया ने गत 28 मई को कांग्रेस आलाकमान के कहने पर मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, जिससे डीके शिवकुमार के इस पद पर आसीन होने का रास्ता साफ हुआ था। उनके इस ऐलान से कांग्रेस में खुशी और गम दोनों देखने को मिल रहे हैं। पार्टी का एक धड़ा इस बात से खुश है कि भविष्य के रास्ते खुल गए हैं और मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के लिए भी यह राहत भरी खबर मानी जा रही है, वहीं सिद्धारमैया के समर्थकों में इससे निराशा है, क्योंकि उन्हें लग रहा है कि पार्टी में उनका कोई बड़े कद का नेता प्रभावी भूमिका में नहीं रह पाएगा।
