पशुओं की सेहत पर 24 घंटे नजर रखने के लिए अब स्मार्ट कॉलर तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। यह कॉलर बीमारी के शुरुआती लक्षणों को पहचानकर सीधे पशु चिकित्सक के मोबाइल पर अलर्ट भेजेगा। इस तकनीक की शुरुआत बाराबंकी के जहांगीराबाद स्थित राजकीय पशुधन प्रक्षेत्र से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में की जा रही है। योजना सफल होने पर इसे अन्य पशुधन प्रक्षेत्रों के साथ आम पशुपालकों तक भी पहुंचाने की तैयारी है।

स्मार्ट कॉलर में लगे सेंसर पशुओं के शरीर का तापमान, हृदय गति, खानपान, जुगाली और शारीरिक गतिविधियों पर चौबीसों घंटे नजर रखेंगे। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के माध्यम से प्राप्त आंकड़ों का विश्लेषण किया जाएगा। पशु की सामान्य गतिविधियों में बदलाव अथवा बीमारी के शुरुआती संकेत मिलते ही संबंधित चिकित्सक को मोबाइल पर सूचना मिल जाएगी। इससे पशुओं का समय रहते उपचार संभव होगा और पशुपालकों को भी राहत मिलेगी।

इस तकनीक से मादा पशुओं के मदकाल की पहचान भी आसान होगी। इससे कृत्रिम गर्भाधान के लिए उचित समय का पता चल सकेगा और पशुओं की प्रजनन क्षमता में सुधार लाने में मदद मिलेगी। प्रत्येक कॉलर को पशु के टैग नंबर से जोड़कर उसका डिजिटल रिकॉर्ड भी तैयार किया जाएगा।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. इंद्रदेव ने बताया कि स्मार्ट कॉलर तकनीक पशुपालन के क्षेत्र में उपयोगी साबित हो सकती है। पशुओं की गतिविधियों और स्वास्थ्य में होने वाले बदलाव की जानकारी समय रहते मिलने से बीमारी की पहचान और उपचार में देरी नहीं होगी। मदकाल की सटीक जानकारी मिलने से कृत्रिम गर्भाधान की प्रक्रिया भी अधिक प्रभावी ढंग से कराई जा सकेगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की तकनीक से पशुपालकों को लाभ मिलेगा और पशुधन के स्वास्थ्य एवं उत्पादकता में सुधार लाने में मदद मिलेगी।