विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला केवल व्यापार और मनोरंजन का केंद्र नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता, संस्कृति और इतिहास की गौरवशाली विरासत भी है। सारण सृजन गजेटियर के संपादक और तत्कालीन सारण जिलाधिकारी दीपक आनंद ने मेले के ऐतिहासिक स्वरूप का उल्लेख करते हुए लिखा है कि पहले सोनपुर मेला 15 दिनों तक चलता था और पूर्णिमा के पहले व बाद के कुल 21 दिनों में यहां काफी भीड़ उमड़ती थी। मेले के लिए विशेष रेलगाड़ियां चलाई जाती थीं तथा घोड़े, हाथी और बैल की बड़े पैमाने पर खरीद-बिक्री होती थी। उनके अनुसार, पहले मेला हाजीपुर के रामचौरा में लगता था, जबकि सोनपुर में केवल भगवान की पूजा होती थी।

ऐतिहासिक विवरणों के अनुसार, मुगल शासक औरंगजेब के समय सोनपुर में मेले का आयोजन शुरू हुआ। यूरोपीय यात्री मार्शल ने भी इसका उल्लेख किया है। शुरुआती दौर में यूरोपीय नील उत्पादक यहां मेल-मिलाप और मनोरंजन के लिए जुटते थे। मेले में घुड़दौड़, पोलो, जिमखाना, टेनिस और नृत्य जैसे आयोजन होते थे। सारण अभिलेखागार के दस्तावेजों में मेले की तत्कालीन व्यवस्था का भी उल्लेख मिलता है, जिनके अनुसार मेले में चोरी, लूट और हत्या जैसी आपराधिक घटनाएं नहीं होती थीं।

वर्ष 1852 में करहूल फैक्ट्री में सहायक प्रबंधक रहे मिस्टर विल्सन ने अपने संस्मरण में लिखा था कि मेले में कैनवास से बनी दुकानों पर मैनचेस्टर, बर्मिंघम, दिल्ली, कानपुर, अफगानिस्तान और कश्मीर तक के सामान उपलब्ध होते थे। यूरोपीय कृषकों के बीच हुक्का पीने का भी चलन था। मेला तत्कालीन राजनीतिक गतिविधियों का भी साक्षी रहा है। वर्ष 1857 के विद्रोह में नेपाल के राणा जंग बहादुर की सहायता के लिए लार्ड मेयो की ओर से उन्हें खिलअत से नवाजा जाना मेले के इतिहास की महत्वपूर्ण घटना के रूप में दर्ज है। वायसराय लार्ड नार्थब्रुक का सोनपुर मेला देखने आना भी ऐतिहासिक महत्व रखता है।

19वीं सदी में सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा के लिए कई प्रमुख हस्तियां मेले में पहुंचती थीं। इसी क्रम में 1857 के स्वतंत्रता संग्राम से पहले जगदीशपुर के बाबू वीर कुंवर सिंह ने यहां ब्रिटिश सत्ता को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया था। सोनपुर मेला सनातन परंपरा के अतिथि देवो भव और वसुधैव कुटुंबकम के भाव को भी अभिव्यक्त करता है, जहां विभिन्न धर्मों और संप्रदायों के लोग एक साथ मेला घूमते हैं और खरीदारी करते हैं। आधुनिकता के प्रभाव के बावजूद मेले ने अपनी परंपराओं, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक मूल्यों को संजोकर रखा है।