कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में YSRCP और BRS का जिक्र नहीं किए जाने पर दोनों पार्टियों ने नाराजगी जताई है। YSRCP के तिरुपति सांसद मडिला गुरुमूर्ति ने बुधवार को बयान जारी कर कहा कि वाईएसआर ने उस समय कांग्रेस को राजनीतिक जीवन दिया था, जब पार्टी लगभग ‘मौत के बिस्तर’ पर थी। उन्होंने पूछा कि सोनिया गांधी वाईएसआर के योगदान को कैसे नजरअंदाज कर सकती हैं। वहीं BRS के कार्यकारी अध्यक्ष और तेलंगाना के पूर्व मंत्री केटी रामा राव ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी के दिल में तेलंगाना के लिए कोई जगह नहीं है और उनकी किताब में राज्य का नाम तक नहीं है।
सोनिया गांधी ने सोमवार को दिल्ली में एक कार्यक्रम में यह किताब लॉन्च की, जिसमें राहुल गांधी और AICC महासचिव एवं वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा मौजूद थीं। कार्यक्रम में तमिलनाडु, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना, केरल और कर्नाटक के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए। किताब 10 नवंबर को ही बाजार में आ चुकी थी। लॉन्चिंग के बाद सोनिया ने कहा कि वह हमेशा से अपनी भावनाओं को खुलकर बताने में झिझकती रही हैं, इसी वजह से उन्होंने किताब लिखने का विचार पहले टाल दिया था, लेकिन राहुल, प्रियंका और करीबी दोस्त मंजूलिका दुबे के कहने पर वह इसे लिखने के लिए तैयार हुईं।
544 पेजों की इस किताब में 7 चैप्टर हैं। इसमें सोनिया ने 1965 में कैम्ब्रिज में राजीव गांधी से मुलाकात और 1968 में शादी, सास इंदिरा गांधी के साथ रिश्ते, 1975 की इमरजेंसी को गलती बताने, ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता, इंदिरा और राजीव गांधी की हत्या का दर्द, 1998 में राजनीति में आने, 2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने की वजह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ संबंधों समेत कई विषयों पर अपनी बात रखी है।
किताब में सोनिया ने 2002 के गुजरात दंगों, 1992 में बाबरी मस्जिद विध्वंस और अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन जैसी घटनाओं पर भी अपना नजरिया रखा है। बता दें कि सोनिया गांधी का जन्म 9 दिसंबर 1946 को इटली के वेनेटो क्षेत्र के विसेंजा प्रांत के लुसियाना गांव में हुआ था। राजीव गांधी से शादी के लिए उन्होंने भारत आने का फैसला किया और 13 जनवरी 1968 को उनका विमान दिल्ली पहुंचा, जहां एयरपोर्ट पर राजीव गांधी, उनके भाई संजय गांधी और दोस्त अमिताभ बच्चन मौजूद थे।
