सोनपुर मंडल के डीआरएम अमित सरन ने बुधवार को बिहपुर और नवगछिया रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। छठ महापर्व के बाद बढ़ी यात्री आवाजाही को देखते हुए उन्होंने यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नवगछिया स्टेशन से होकर प्रस्तावित बुलेट ट्रेन के परिचालन को लेकर भी चर्चा हुई। डीआरएम ने नए रेल ट्रैक (टू-लाइन) और अतिरिक्त प्लेटफार्म निर्माण की संभावनाओं के लिए स्थल निरीक्षण किया और अधिकारियों से परियोजना की रूपरेखा तथा स्टेशन को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने की जानकारी ली। नवगछिया स्टेशन को मॉडल स्टेशन बनाकर आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की योजना पर भी विचार-विमर्श किया गया।

डीआरएम ने स्टेशन के पैनल रूम, सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म और यात्रियों के होल्डिंग एरिया का निरीक्षण किया। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जारी और लंबित कार्यों की समीक्षा के साथ विशेष ट्रेनों की उद्घोषणा व्यवस्था, स्टेशन परिसर और प्लेटफार्म की साफ-सफाई तथा यात्रियों को मिल रही अन्य सुविधाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने विशेष ट्रेनों की जानकारी समय पर यात्रियों तक पहुंचाने, भीड़ का बेहतर प्रबंधन करने और स्टेशन परिसर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। डीआरएम ने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम रेल यात्रा का अनुभव देना रेलवे की प्राथमिकता है। निरीक्षण में सोनपुर मंडल के विभिन्न विभागों के शाखा अधिकारी और रेलकर्मी मौजूद थे।

इस दौरान सांसद प्रतिनिधि एवं डीआरसीसीयू सदस्य मिलन सागर तथा भाजपा नेता और स्टेशन सलाहकार समिति सदस्य मुकेश राणा ने नवगछिया स्टेशन के पश्चिमी हिस्से में मिलन मिल टोला के पास मिनी अंडरपास बनाने की मांग की। डीआरएम ने मौके पर स्थल का निरीक्षण किया। डीआरसीसी सदस्य ने अंगवस्त्र और मंजूषा पेंटिंग भेंट कर उनका स्वागत किया। सांसद अजय मंडल की ओर से दिया गया मांग-पत्र भी उन्हें सौंपा गया।