दक्षिण दिल्ली के खराब वेंटिलेशन वाले घरों में हवा में मौजूद बारीक कणों (पीएम-2.5) का स्तर बाहर की तुलना में लगभग 50 प्रतिशत अधिक पाया गया है। यह जानकारी एक अध्ययन में सामने आई है। अध्ययन के मुताबिक, शाहीन बाग, जसोला विहार, बाटला हाउस और ओखला विहार के 24 घरों में हवा की गुणवत्ता का आकलन किया गया। इन घरों में पीएम-2.5 का औसत स्तर 119.17 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर रहा, जबकि बाहर यह औसत 79.34 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर था।
फरवरी से अप्रैल 2023 के बीच हवा की गुणवत्ता की निगरानी पर आधारित यह अध्ययन 2025 में डिस्कवर एनवायरनमेंट जर्नल में प्रकाशित हुआ। सभी 24 घरों में अंदर पीएम-2.5 का औसत स्तर 98.25 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर रहा, जो बाहर के औसत स्तर 67.74 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर से लगभग 45 प्रतिशत अधिक है। वहीं घर के अंदर पीएम-10 का औसत स्तर 114.07 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर था, जो बाहर के स्तर 78 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर से लगभग 46 प्रतिशत अधिक रहा।
नतीजों से पता चलता है कि बेहतर वेंटिलेशन वाले घरों में भी पार्टिकुलेट मैटर का स्तर बाहर की तुलना में अधिक पाया गया। शोधकर्ताओं ने बताया कि वेंटिलेशन के तरीकों में सुधार, एग्जास्ट सिस्टम का सही रखरखाव और घरों के अंदर प्रदूषण के स्रोतों को कम करने से हवा की गुणवत्ता बेहतर हो सकती है। हालांकि, शोधकर्ताओं ने खाना पकाने, ट्रैफिक या धूल जैसे अलग-अलग स्रोतों के योगदान को स्पष्ट रूप से नहीं मापा है।
यह अध्ययन जामिया मिलिया इस्लामिया, सऊदी अरब की जाजान यूनिवर्सिटी और जम्मू-कश्मीर के राजौरी स्थित बाबा गुलाम शाह बादशाह यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं की टीम ने संयुक्त रूप से किया है।
