सुप्रीम कोर्ट ने ज्यादा चीनी, नमक और सैचुरेटेड फैट वाले पैकेज्ड फूड पर चेतावनी लेबल लगाने का आदेश दिया है। जस्टिस जेबी पर्दीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की बेंच ने गुरुवार को यह फैसला सुनाया। पैकेट के सामने वाले हिस्से पर लाल रंग के षटकोण के साथ चेतावनी लिखी होगी। FSSAI ने इसी साल अगस्त में यह प्रस्ताव पेश किया था।
यह आदेश 3S एंड अवर हेल्थ सोसाइटी नाम के एक पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट की जनहित याचिका पर आया है, जिसमें डिब्बा बंद खाने पर अनिवार्य वार्निंग लेबल की मांग की गई थी। सुनवाई के दौरान बेंच ने पूछा था कि क्या सरकार नहीं चाहती कि उसके लोग स्वस्थ रहें। इसके बाद FSSAI ने हलफनामा देकर प्रस्ताव पेश किया।
FSSAI ने इसे दो चरणों में लागू करने का प्रस्ताव दिया है, ताकि इंडस्ट्री को अपने प्रोडक्ट्स सुधारने का मौका मिल सके। पहले चरण में उन प्रोडक्ट्स पर लाल लेबल लगेगा, जिनमें फैट, शुगर या साल्ट में से दो या दो से अधिक चीजें तय सीमा से ज्यादा होंगी। इसमें सभी अधिक मीठी कोल्ड ड्रिंक्स भी शामिल होंगी। दूसरे चरण में यह नियम उन प्रोडक्ट्स पर भी लागू होगा, जिनमें इनमें से कोई एक चीज भी ज्यादा मात्रा में होगी।
किसी फूड प्रोडक्ट के हाई फैट, हाई शुगर या हाई साल्ट (HFSS) श्रेणी में आने का फैसला ICMR-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूट्रिशन (ICMR-NIN) की 'डायट्री गाइडलाइंस फॉर इंडियंस, 2024' के मानकों के आधार पर होगा। प्रस्ताव के मुताबिक सिंगल-इंग्रीडिएंट प्रोडक्ट्स और प्राकृतिक रूप से फैट, शुगर या नमक से भरपूर पदार्थों को छूट मिलेगी, जैसे शुद्ध घी, खाद्य तेल, साधारण नमक, चीनी, गुड़ और शहद।
