सुप्रीम कोर्ट ने उन घर खरीदारों को अंतरिम राहत दी है, जिन्हें फ्लैट का कब्जा नहीं मिला, लेकिन बैंक उनसे होम लोन की EMI की वसूली कर रहा है। मामला गुरुग्राम के सोहना स्थित रहेजा डेवलपर्स के 'कृष्णा हाउसिंग प्रोजेक्ट' से जुड़ा है। Live law की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस प्रोजेक्ट में घर खरीदारों, SBI और बिल्डर के बीच त्रिपक्षीय समझौता हुआ था, जिसके तहत बैंक को कंस्ट्रक्शन प्रोग्रेस के हिसाब से किस्तों में बिल्डर को पैसा जारी करना था। खरीदारों का आरोप है कि बैंक ने नियमों को दरकिनार करते हुए बिना निर्माण प्रगति के पूरी रकम बिल्डर को दे दी। अगस्त 2025 में बिल्डर कंपनी दिवालिया प्रक्रिया (CIRP) में चली गई, जिसके बाद खरीदारों को न तो फ्लैट मिले और बैंक ने लोन वसूली के लिए उनके खिलाफ मुकदमा दायर कर दिया।
कोर्ट ने कहा कि पहले यह जांच होनी चाहिए कि बैंक ने त्रिपक्षीय समझौते की शर्तों के मुताबिक बिल्डर को लोन जारी किया था या नहीं और बैंक व बिल्डर के बीच लेन-देन की भी जांच जरूरी है। कोर्ट ने निर्देश दिया कि इस जांच के बिना घर खरीदारों के खिलाफ जबरन वसूली की कार्रवाई न की जाए और पहले यह तय किया जाए कि खरीदार वास्तव में लोन चुकाने में डिफॉल्ट कर रहे हैं या नहीं।
सुप्रीम कोर्ट ने यह नहीं कहा है कि बिल्डर के प्रोजेक्ट पूरा न करने पर खरीदार EMI देना बंद कर सकते हैं। कोर्ट ने न लोन रद्द किया है और न सभी खरीदारों को EMI से छूट दी है। संबंधित खरीदारों को फिलहाल बैंक की जबरन वसूली की कार्रवाई से अंतरिम राहत दी गई है और मामले में अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। होम लोन बैंक और खरीदार के बीच का समझौता है, इसलिए कब्जे में देरी से लोन चुकाने की जिम्मेदारी अपने आप खत्म नहीं होती। हालांकि, अगर बैंक ने समझौते की शर्तों के खिलाफ जाकर निर्माण की तय प्रगति के बिना बिल्डर को पैसा जारी किया है, तो खरीदार इस पर कानूनी सवाल उठा सकते हैं।
