नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को उस समय अप्रिय स्थिति पैदा हो गई जब एक वकील ने भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत पर टिप्पणी कर दी। लाइवलॉ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सीजेआई सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच के सामने पेश होकर वकील ने कहा कि वह एक "अर्जेंट मामला" मेंशन करना चाहते हैं और अपने केस को मेंशन करने के तरीके पर खेद भी जताया।

रिपोर्ट के अनुसार, वकील ने कहा कि यह आइटम 2 नवंबर को जस्टिस सूर्यकांत के ऑफिस में दिया गया था और 15 दिनों तक जवाब नहीं मिलने के कारण वह कोर्ट के सामने आने को मजबूर हुए। जस्टिस वी मोहना ने वकील को टोका कि वो इस तरह से मेंशन नहीं कर सकते, लेकिन वकील ने कहा कि यह इमरजेंसी है, इसलिए वह आए हैं और पहले अपना खेद प्रकट करना चाहते हैं।

इसके बाद वकील ने कथित तौर पर सीजेआई सूर्यकांत की ईमानदारी पर सवाल उठाया और कहा कि वह इस कुर्सी पर बैठने लायक नहीं हैं। अदालत में मौजूद वकीलों ने बताया कि उस वकील को कोर्ट से बाहर ले जाया गया। उसने कथित रूप से यह भी कहा कि वह जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहना का सम्मान करता है। कोर्ट में मौजूद अन्य वकीलों ने कथित रूप से उस वकील के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का अनुरोध किया है। वकील के रवैए को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने अदालत की कार्यवाही के ऑडियो-वीडियो को म्यूट कर दिया।

बता दें कि इसी साल जुलाई में सीजेआई सूर्यकांत की बेंच में इसी तरह की एक और घटना घटी थी, जब प्रबल प्रताप नाम का शख्स खुद याचिकाकर्ता बनकर पेश हुआ और सीजेआई के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की। बेंच ने उसे मानसिक रूप से परेशान मानकर उसके खिलाफ अवमानना की कार्यवाही शुरू करने से मना कर दिया था। इसके बाद से सुप्रीम कोर्ट में यह व्यवस्था शुरू हुई कि जब भी खुद याचिकाकर्ता अपने मामले की पैरवी करने पहुंचता है तो अदालत की कार्यवाही का ऑडियो-वीडियो प्रसारण बंद कर दिया जाता है।