सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के रोहतास जिले के सासाराम में तैनात जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश-4 अनिल कुमार पर सोमवार को कड़ी टिप्पणी की। प्रधान न्यायाधीश सूर्य कांत तथा जस्टिस जॉयमाल्या बागची और वी मोहना की बेंच ने जज के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी कानून की समझ निराशाजनक है। बेंच ने मौखिक रूप से कहा कि न्यायिक शक्तियों का इस्तेमाल करते समय 'बाहुबली' जैसा व्यवहार करना बंद करें। शीर्ष अदालत ने यह भी कहा कि संबंधित न्यायिक अधिकारी को प्रशिक्षण के लिए नेशनल ज्यूडिशियल एकेडमी भेजा जाना चाहिए।

मामला रोहतास के तत्कालीन एसपी रौशन कुमार को दोषी ठहराए जाने से जुड़ा है। जज अनिल कुमार ने 29 सितंबर को एसपी को अदालत के आदेशों को जानबूझकर न मानने के आरोप में दोषी ठहराया था और प्रतीकात्मक रूप से एक रुपए का जुर्माना लगाया था। जज ने बिहार के पुलिस महानिदेशक को अधिकारी के सेवा रिकॉर्ड में अदालत की टिप्पणियां दर्ज करने को कहा था और केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण मंत्रालय से आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के प्रशिक्षण में सुधार का आग्रह किया था।

बेंच ने कहा कि जज को पहले भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 384 और दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 345 की सीमा और दायरे को समझना चाहिए। जस्टिस बागची ने कहा कि जज ने आक्रामक रवैया अपनाते हुए एसपी को बुलाया और उसी दिन उन पर दोषारोपण कर दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जज ने जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक को बुलाया और उनकी गैर-इरादतन अनुपस्थिति को अदालत के सामने किए गए अपराध के रूप में मानकर सजा दी, तब क्या वे अपने क्षेत्र और अधिकार क्षेत्र में थे।

इससे पहले पटना हाई कोर्ट ने एसपी पर अदालत के अपमान के लिए एक रुपए का जुर्माना लगाने के आदेश को स्थगित कर दिया था। सासाराम में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ने उस अधिकारी को 2023 में निपट चुके एक मामले में झूठी गवाही देने वाले व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश का पालन न करने का दोषी ठहराया था।