पेट्रोल में एथनॉल मिलाने को लेकर देशभर में विरोध के बीच केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने मंगलवार को आलोचकों पर निशाना साधा है। अपने संसदीय क्षेत्र त्रिशूर में एक संवाद कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि जो लोग E20 पेट्रोल नीति की आलोचना करते हैं, वे मूर्ख हैं और उन्हें विज्ञान की समझ नहीं है। उन्होंने कहा कि E20 पेट्रोल के बारे में विरोध फैलाने वालों की राजनीतिक सोच घटिया है।

मंत्री ने अपने फैसले का बचाव करते हुए कहा कि पेट्रोल में एथनॉल की मात्रा E10 से बढ़ाकर E20 करने का कदम विज्ञान पर आधारित था और ऑटोमोबाइल रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI) के रिसर्च के बाद ही इसे लागू किया गया। उन्होंने कहा कि जिनेवा कन्वेंशन के तहत सख्त दिशानिर्देश जारी किए जा रहे हैं और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए इन नियमों का पालन जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि दुनिया रिन्यूएबल एनर्जी के स्रोतों की तलाश कर रही है।

कर्नाटक सरकार द्वारा पेट्रोल में मानक से ज्यादा एथनॉल मिलने के आरोपों पर सुरेश गोपी ने ऐसे दावे करने वालों की मंशा पर सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच के लिए सैंपल लेने से पहले इन लोगों द्वारा पेट्रोल में कुछ मिलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे दावों की जांच के लिए CBI को बुलाना पड़ सकता है। बता दें कि कर्नाटक के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रिजवान अरशद ने इस महीने की शुरुआत में आरोप लगाया था कि बेंगलुरु शहरी क्षेत्र सहित सात जिलों से लिए गए पेट्रोल के 63 नमूनों में एथनॉल की मात्रा E20 मानक से अधिक मिली है। हालांकि इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी सरकारी कंपनियों ने संयुक्त बयान जारी कर इन आरोपों को नकारा था।

इससे पहले केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने भी एथनॉल ब्लेंडिंग का बचाव किया था। उन्होंने बीते महीने कहा था कि एथनॉल मिलाने को लेकर विरोध पैसे देकर चलाया गया अभियान था। गडकरी ने कहा था कि इस नीति से कोयला और कच्चे तेल का आयात कम करके विदेशी मुद्रा बचाई जा सकती है, और पिछले तीन सालों में 20 करोड़ से अधिक दोपहिया वाहन तथा तीन करोड़ से अधिक पेट्रोल कारें E20 मिश्रण वाले ईंधन पर चल रही हैं। उन्होंने कहा था कि एथनॉल मिश्रण के कारण बड़े पैमाने पर इंजन खराब होने या वाहन बंद पड़ने का कोई प्रमाण नहीं मिला है।